पुलिस टीम की तरफ चलता डंपर छोड़कर कूदे चालक और सहायक
अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी
राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-71 पर चलते डंपर को पुलिस टीम की तरफ छोड़कर चालक और सहायक कूद गए। बुधवार रात को डंपर बैरिकेड तोड़कर अनियंत्रित होकर पास ही एक गड्ढे में पलट गया। पुलिस ने भाग रहे सहायक को पकड़ लिया। पुलिस ने एएसआई गोविंद प्रसाद की शिकायत पर सहायक वकील, नूंह के गांव खरक जलालपुर निवासी चालक सद्दाम के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने, हत्या का प्रयास, सरकारी कार्य में बाधा डालने सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने डंपर मालिक मुबारिक के खिलाफ भी प्राथमिकी दर्ज की है।
जानकारी के अनुसार गढ़ी बोलनी चौकी के एएसआई गोविंद प्रसाद, एचसी अजीत सिंह और जसवंत सिंह ने हाईवे पर बुधवार रात को बाम्बड़ कट के पास नाकेबंदी कर वाहनों की जांच कर रहे थे। पुलिस ने डंपर को रोकने का प्रयास किया तो चालक सद्दाम डंपर को पुलिस टीम की तरफ चलता छोड़कर सहायक वकील के साथ कूद गया। डंपर बैरिकेड तोड़कर निकल गया। कुछ दूर जाने के बाद अनियंत्रित होकर एक गड्ढे में पलट गया। इस दौरान सहायक वकील को पुलिस ने भागते हुए पकड़ लिया। सहायक ने अपना नाम जिला नूंह के गांव मोहम्मदपुर अहीर निवासी वकील बताया। कसौला थाना पुलिस ने एएसआई गोविंद प्रसाद की शिकायत पर सहायक वकील, नूंह के गांव खरक जलालपुर निवासी चालक सद्दाम के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने डंपर मालिक मुबारिक के खिलाफ भी प्राथमिकी दर्ज की है।