रेवाड़ी। रामपुरा थाना क्षेत्र के गांव नंगली गोधा के समीप एक तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार दो भाइयों को टक्कर मार दी, जिसमें एक की मौत हो गई, जबकि दूसरा घायल हो गया। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार गांव नारायणपुर निवासी राजकुमार अपने भाई 24 वर्षीय पंकज के साथ बाइक से जा रहा था। राजकुमार बाइक चला रहा था, जबकि पंकज पीछे बैठा था। गांव नारायणपुर के समीप पीछे से आई एक तेज रफ्तार कार ने बाइक को टक्कर मार दी। कार की टक्कर से बाइक का संतुलन बिगड़ने से सड़क किनारे खड़े पेड़ से टकरा गई और पंकज उछल कर दूर जा गिरा। हादसे के बाद चालक कार सहित मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने के बाद रामपुरा थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों घायलों को ट्रामा सेंटर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने पंकज को मृत घोषित कर दिया। जबकि दूसरे घायल का उपचार किया जा रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
मृतक के भाई राजकुमार की शिकायत पर कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। शव का पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है।
- कमल सिंह, जांच अधिकारी थाना रामपुरा