बिजली चोरी पकड़ने गई निगम की विजिलेंस टीम को पीटा
अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी। गांव भाड़ावास में बिजली चोरी पकड़ने पहुंची निगम की टीम के साथ एक परिवार के सदस्यों ने मारपीट की। इसमें बिजली निगम के कर्मचारियों को मामूली चोट आई हैं। ऐसे में आने वाले दिनों में बिजली चोरों पर होने वाली कार्रवाई को लेकर फिर से सवाल खड़े हो सकते हैं। शुक्रवार देर शाम को निगम की विजिलेंस टीम भाड़ावास पहुंची थी। टीम के पहुंचने के बाद गांव में हड़कंप भी मच गया। इसके बाद टीम ने एक परिवार को बिजली चोरी करते पकड़ भी लिया। टीम जब यहां पर रिकार्डिंग एवं फोटोग्राफी करने लगी तो परिवारों की महिलाओं ने निगम कर्मचारियों पर हमला कर दिया। इसमें निगम के दो कर्मचारियों के साथ-साथ जेई के साथ भी मारपीट की गई। इसके पश्चात मामले की जानकारी रामपुरा पुलिस को दी गई। पुलिस ने कर्मचारियों को अस्पताल पहुंचाया और जेई संदीप कुमार की शिकायत पर गांव निवासी बबलू कुमार, अजीत सिंह और परिवार की एक महिला पर मारपीट का मामला दर्ज किया।
इससे पहले भी बिजली निगम की तरफ से मार्च माह तक कार्रवाई की गई। इस अवधि में निगम अधिकारियों ने करीब 155 करोड़ रुपये की बिजली चोरी पकड़ी थी। जिले में बिजली चोरों पर पड़ते लगातार छापों के लिए स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने तो सीधे तौर पर नाराजगी भी जताई थी। इसके बाद यह कार्रवाई कम हो गई थी। अब फिर से निगम ने यह कार्रवाई प्रारंभ कर दी है।