परचून के खोखे में लगी आग से जला सामान
बावल। यहां के प्राणपुरा रोड स्थित गांव रणसी माजरी में वीरवार रात को परचून की दुकान के खोखे में अज्ञात कारणों से आग लग गई। आग लगने की वजह से खोखे में भरा हुआ हजारों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। पीड़ित ने मामले की शिकायत पुलिस को देकर कार्रवाई की मांग की है। रणसी माजरी निवासी राजबीर सिंह ने गांव के बस स्टॉप पर खोखे में परचून की दुकान की हुई है। वीरवार देर शाम को वह खोखा बंद करके घर चला गया। रात के समय अज्ञात कारणों के चलते खोखे में आग लग गई। सुबह जब खोखा जला मिला तो इसकी जानकारी मिली लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। आग के कारण खोखे में रखा करीब 80 हजार रुपये का सामान भी जल गया। बावल थाना पुलिस ने आगजनी की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।