ट्रक ने आटो को मारी टक्कर, आटो में सवार आधा दर्जन लोग घायल
रेवाड़ी।
भाड़ावास रोड पर भैरामपुर भड़ंगी के समीप शुक्रवार को ट्रक व आटो की भिड़ंत हो गई। जिसमें आधा दर्जन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को शहर के ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार भाड़ावास रोड पर भैरामपुर भड़ंगी के समीप राजगढ़ गांव से रेवाड़ी की ओर आ रहे एक आटो को ट्रक ने टक्कर मार दी, जिससे आटो रोड के बीच में ही पलट गया।
जिससे आटो में सवार आधा दर्जन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जिनमें राजगढ़ निवासी आटो चालक सुरेंद्र कुमार, राजगढ़ निवासी केसर, धरण निवासी बदलूराम, राजगढ़ निवासी गीता देवी व एक अन्य शामिल है। घटना के बाद आसपास के लोगों ने घायलों को रेवाड़ी के ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया। बावल थाना पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।