डिप्टी स्पीकर के भतीजे की गिरफ्तारी नहीं, ड्राइवर और कार मालिक पर क्रास केस
अमर उजाला ब्यूरो
महेंद्रगढ़।
डिप्टी स्पीकर के भतीजे द्वारा ड्राइवर के दांत और हाथ तोड़ने के मामले में पुलिस ने कार मालिक एवं अटेली से गत विस चुनाव में निर्दलीय प्रत्याशी रहे प्रदीप यादव के भाई के कुलदीप यादव और कार ड्राइवर के खिलाफ भी मामला दर्ज कर लिया है। इस मामले में पुलिस ने अभी तक कार को टक्कर मारने और ड्राइवर के दांत और हाथ तोड़ने के आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया है। दूसरी तरफ मामले में जिला परिषद प्रमुख राजेश देवी का कहना है कि पुलिस राजनीतिक दबाव में काम कर रही है। इस मामले में डिप्टी स्पीकर संतोष यादव अपने प्रभाव का इस्तेमाल कर रही हैं। शुक्रवार को डिप्टी स्पीकर के भतीजे रणबीर की गिरफ्तारी को लेकर कुलदीप यादव, जिप प्रमुख राजेश देवी और उनके समर्थक डीएसपी से मिले। डीएसपी की तरफ से उनको कोई आश्वासन नहीं मिला। इस दौरान उन्होंने एक ज्ञापन सौंपकर पुलिस प्रशासन और संतोष यादव के खिलाफ नारेबाजी की। इस मामले ने सियासी रंग लेना शुरू कर दिया है। एक तरफ डिप्टी स्पीकर तो दूसरी तरफ जिप प्रमुख राजेश देवी और अटेली से निर्दलीय चुनाव लड़े प्रदीप यादव के भाई कुलदीप यादव आमने-सामने आ गए हैं। लोगों के अनुसार डिप्टी स्पीकर और राजेश देवी की पहले से सियासी टसलबाजी चली आ रही है।
14 मार्च को कुकसी निवासी एवं जिप प्रमुख राजेश देवी का हालचाल पूछने कुलदीप यादव निवासी माजरा उनके निवास पर पहुंचे थे। इस दौरान बाहर खड़े कार को एक ट्रैक्टर ने टक्कर मार दी। ट्रैक्टर को डिप्टी स्पीकर के भतीजे रणबीर सिंह चला रहा था। इस दौरान हुए झगड़े में कार ड्राइवर संदीप के दांत टूट गए। हाथ में फ्रैक्चर भी आया। मामले में रणबीर सिंह के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। दूसरी तरफ रणबीर सिंह ने भी अपनी शिकायत दी। इस आधार पर पुलिस ने ड्राइवर संदीप और कुलदीप यादव निवासी माजरा के खिलाफ जान से मारने, धमकी देने समेत अन्य मामलों में मामला दर्ज किया है।
शुक्रवार को जिप प्रमुख राजेश देवी, कुलदीप यादव और उनके समर्थक आरोपी की गिरफ्तारी मांग को लेकर डीएसपी सतेंद्र कुमार से मिले। कुलदीप यादव ने बताया कि उन्हें डीएसपी से कोई आश्वासन नहीं मिला है। इसको लेकर सभी समर्थकों में रोष है। कुलदीप यादव ने आरोप लगाया कि पुलिस डिप्टी स्पीकर संतोष यादव के दबाव में आकर पुलिस कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। वीरवार की देर रात पुलिस ने बिना किसी सबूत के उनके खिलाफ झूठा मुकदमा दर्ज किया है जो कि सरासर गलत है। यादव ने बताया कि घटना के दिन पुलिस मौके पर थी। उस दौरान गाड़ी को टक्कर मारने वाला ट्रैक्टर वहीं था, हथियार भी वहीं पड़े थे। पुलिस उनको वहां से उठाकर नहीं लाई। आधे घंटे बाद आरोपी अपना ट्रैक्टर और हथियार वहां से उठा ले गए। उन्होंने सोमवार तक कार्रवाई नहीं होने पर नारनौल सचिवालय में धरने की चेतावनी दी। इसमें कोई नुकसान होगा तो उसकी जिम्मेदारी सरकार और प्रशासन की होगी।
कोट
थाना प्रभारी से लेकर पुलिस अधीक्षक के पास चक्कर काट चुकी हैं। आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया जा रहा है। मामले को राजनीति रूप दिया जा रहा है। पुलिस राजनीतिक दबाव में आकर कोई कार्रवाई नहीं कर रही। गरीब युवक की बुरी तरह से पिटाई करने के बाद यदि पुलिस कोई कार्रवाई नहीं कर रही तो इस तरीके से तो आमजन बिल्कुल सुरक्षित नहीं है। इस मामले में पूर्ण रूप से भ्रष्टाचार नजर आ रहा है। इस मामले में उन्हें सीएम के पास जाना पड़ा तो वे वहां भी पेश होंगी, अगर वहां भी सुनवाई नहीं हुई तो वे धरने पर बैठेंगी। - राजेश देवी, प्रधान, जिला परिषद
वर्जन:
पुलिस राजनीतिक दबाव में नहीं है। मामले में जो दोषी होगा उसके खिलाफ कार्रवाई होगी। - पुलिस अधीक्षक, कमलदीप गोयल।
बाक्स:
दूसरे पक्ष से यह दी शिकायत
दूसरे पक्ष से रणबीर पुत्र श्रीराम निवासी कुकसी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह ट्रैक्टर से कहीं जा रहा था। वहां से निकलते समय उसके ट्रैक्टर से गाड़ी के पीछे थोड़ा लग गया। जब वह ट्रैक्टर से उतरकर ड्राइवर संदीप से माफी मांगने गया था। संदीप उसे अश्लील गालियां देने लगा और उसे मारने लगा। उसकी आवाज सुनकर कुलदीप यादव (सरताज ग्रुप) निवासी माजरा भी बाहर आ गया। वह भी उसे लात घूंसे मारने लगा। गांव वालों ने उसको छुड़वाया तब वह जान बचाकर घर पर गया।
वर्जन:
हमने रणबीर की शिकायत पर कुलदीप और ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज किया है। अभी इस मामले मे तफ्तीश की जाएगी। नियमानुसार शिकायत आने के बाद मामला दर्ज करना पड़ता है। - थाना प्रभारी, रमेश कुुमार