हरियाणा के रेवाड़ी शहर की रहने वाली एक 52 वर्षीय विधवा को एक परिचित महिला ने अपने घर बुला लिया। घर पर पहले से मौजूद एक व्यक्ति ने महिला को चाय में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया। आरोप है कि इसके बाद उसने उसके साथ दुष्कर्म किया। महिला को होश आने पर घटना के बारे में पता लगा। दुष्कर्म का मामला जनवरी माह का है और महिला ने अब पुलिस को शिकायत देकर केस दर्ज कराई है। पुलिस ने महिला सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस को शिकायत देकर शहर की रहने वाली एक महिला ने कहा है कि जनवरी में उसके पास जानकार महिला आई थी। घर पर उसने आकर बताया कि एक रिश्ता है और उनके बेटे के लिए यह ठीक है। उसके काफी आग्रह के बाद वह 31 जनवरी की शाम को उसके द्वारा भेजे गए एक व्यक्ति के साथ घर पर चली गई। घर पर घनश्याम नाम का व्यक्ति पहले से मौजूद था। वहां पर उसे पीने के लिए चाय दी गई। चाय पीने के बाद वह बेहोश हो गई।
महिला के अनुसार करीब डेढ़ घंटे बाद उसे होश आया तो अपने साथ दुष्कर्म होने के बारे में पता लगा। कुछ देर बाद उदय नाम का व्यक्ति उसे घर छोड़ आया। अगले दिन घनश्याम का फोन आया और उसे ब्लैकमेल करने लगा। कई दिनों तक महिला ने किसी को भी इस बारे में नहीं बताया।
महिला ने अपनी बेटी को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस को शिकायत दी गई। पुलिस ने महिला की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ दुष्कर्म का केस दर्ज कर महिला सहित तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।