चिंटू का अंतिम संस्कार पिता ने लगाया अलवर पुलिस पर हत्या का आरोप
अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी। अलवर जिले की बहरोड़ नगर पालिका के उपप्रधान की हत्या के मामले में पूछताछ के दौरान भिवाड़ी पुलिस की हिरासत में हुई नांगलिया रणमौख निवासी चिंटू की हुई मौत के बाद वीरवार को अलवर में पुलिस की कड़ी सुरक्षा में पोस्टमार्टम कराया गया। वीरवार शाम को करीब चार बजे चिंटू का गांव में अंतिम संस्कार कर दिया गया। उधर मृतक के पिता रतनलाल ने अलवर पुलिस पर अपने बेटे की हत्या का आरोप लगाया है। हालांकि अभी तक परिजनों द्वारा किसी भी स्तर पर शिकायत नहीं दी गई है। उल्लेखनीय है कि बहरोड़ नगर पालिका के उपप्रधान राकेश शर्मा की 25 जून को एक विवाह समारोह में गोली मारकर की गई हत्या की वारदात कर दी गई थी। हत्या के आरोप में भिवाड़ी पुलिस ने जिले के गांव नांगलिया रणमौख निवासी चिंटू उर्फ जयप्रकाश, कमल तथा बालधन खुर्द निवासी राकेश यादव को गिरफ्तार किया था। चिंटू की पूछताछ के दौरान मंगलवार रात को भिवाड़ी पुलिस की हिरासत में संदिग्ध मौत हो गई। हालांकि पुलिस का कहना है कि चिंटू पुलिस हिरासत से भागकर पहाड़ पर चढ़ गया तथा वहां से गिरने के बाद उसकी मौत हो गई। वीरवार को शव का पोस्टमार्टम के बाद उसके गांव नांगलिया रणमौख में अंतिम संस्कार कर दिया गया।