स्वतंत्रता सेनानी के खाते से निकाले छह लाख रूपये
अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी। जिला के गांव मीरपुर निवासी 96 वर्षीय स्वतंत्रता सेनानी अमीलाल के घर से किसी ने तीन चेक चोरी कर उनके खाते से अप्रैल माह में छह लाख रुपये निकाल लिए। कुछ दिन पूर्व बैंक की पासबुक में एंट्री कराई तो खाते से पैसे निकलने का पता लगा। जिसके बाद पुलिस को शिकायत दी गई। शहर थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है। गांव मीरपुर निवासी स्वतंत्रता सेनानी अपनी बेटी और दामाद के साथ रहते हैं। उनका खाता शहर स्थित पंजाब नेशनल बैंक में है। उन्होंने बैंक से चेक बुक भी जारी कराई हुई है। बैंक में वे जरूरत पड़ने पर ही कभी-कभी जाते हैं। कुछ दिन पूर्व उनके दामाद एडवोकेट विक्रम सिंह पासबुक में एंट्री कराने पहुंचे तो पता लगा कि अमीलाल के खाते से 20 अप्रैल को चेक के जरिए छह लाख रुपये की निकासी हुई है। अमीलाल ने अपनी चेकबुक की जांच की तो उसमें से तीन चेक गायब मिले। चोरी के एक चेक से ही खाते से छह लाख रुपये की निकासी हुई है। इसके बाद उन्होंने शहर थाना पुलिस को शिकायत दी। शिकायत में कहा गया है कि उन्होंने तीनों चेक न तो किसी को जारी किए और न ही उन्होंने इनसे राशि निकाली। स्वतंत्रता सेनानी की शिकायत पर शहर थाना पुलिस ने चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।