एटीएम उखाड़ने में नाकाम रहने पर तोड़फोड़ कर भागे चोर
अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी। शहर के भाड़ावास रोड पर डॉ. आत्मप्रकाश यादव अस्पताल के समीप एसबीआई के एटीएम बूथ को बीती रात चोरों ने उखाड़ने का प्रयास किया। उखाड़ने में नाकाम रहने के बाद चोरों ने एटीएम को क्षतिग्रस्त कर दिया। एटीएम से रुपये निकालकर नहीं जे जा पाए। पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
शहर के भाड़ावास रोड स्थित आत्मप्रकाश अस्पताल के समीप एसबीआई ने अपना एटीएम बूथ लगाया हुआ है। देर रात चोर एटीएम बूथ पर दाखिल हुए। सबसे पहले चोरों ने एटीएम बूथ पर लगे सीसीटीवी कैमरे को तोड़ा इसके बाद चोरों ने मशीन को तोड़कर रुपये निकालने की कोशिश की। काफी प्रयत्न के बाद भी बदमाश एटीएम बूथ को उखाड़ने में कामयाब नहीं हो पाए। एटीएम में करीब तीन लाख रुपये की नकदी बताई जा रही ह। एटीएम को उखाड़ने में नाकाम रहने के बाद चोरों ने उसके उसकी स्क्रीन के साथ नोटों की ट्रे को भी तोड़ दिया। ट्रे को बाहर निकालने में नाकाम रहने पर बदमाश मशीन को छोड़कर फरार हो गए। सुबह एटीएम बूथ पर नकदी निकालने पहुंचे एक व्यक्ति ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना पाकर एटीएम बूथ पर पहुंची पुलिस ने मामले की जानकारी बैंक अधिकारियों को दी। सीसीटीवी कैमरा तोड़े जाने के बाद कारण चोरों की संख्या का अंदाजा नहीं लग पाया है।
पहले भी हो चुकी है एटीएम उखाड़ कर ले जाने की घटना
जिले में एटीएम को तोड़ने और लूटकर ले जाने की कई घटनाएं पूर्व में हो चुकी है। चोरों द्वारा उखाड़ कर ले जाई गई एक एटीएम तो झज्जर के पास खाली मिली थी। मशीन में कितनी राशि थी, उसके बारे में कोई खुलासा नहीं हुआ था। इसके बाद अप्रैल माह में चोर बावल चौक स्थित एक एटीएम को उखाड़ ले गए थे। उसको भी सुराग आज तक नहीं लगा है।