खोल। क्षेत्र के गांव सीहा में सरपंच राजेन्द्र सिंह की अध्यक्षता में ग्राम सभा का आयोजन किया गया, जिसमें लोगों ने गांव में डीजे बजाने पर प्रतिबंध की आवाज उठाई। सर्वसम्मति से गांव में डीजे नहीं बजाने का प्रस्ताव पास कर दिया गया। नियम को तोड़ने पर 11 हजार रुपये जुर्माना का भी प्रावधान किया गया है। शुक्रवार को गांव में ग्राम सभा का आयोजन किया गया। सभा में मौजूद लोगों ने कहा कि गांव में डीजे नहीं बजना चाहिए। डीजे बजने से गांव की शांति भंग हो जाती है। लड़ाई झगड़े का माहौल बना रहता है। इसलिए डीजे बंद किया जाए। सभा में मौजूद सभी लोगों की सहमति से सरपंच राजेन्द्र सिंह ने गांव डीजे न बजाने को लेकर प्रस्ताव पास कर दिया। जिसकी एक कॉपी डहीना पुलिस चौकी व बीडीपीओ कार्यालय को भेज दी गई है। सरपंच राजेंद्र सिंह ने बताया कि गांव में कैसा भी कार्यक्रम हो डीजे नहीं बजाया जाएगा। कोई व्यक्ति डीजे बजाता है तो उस व्यक्ति के खिलाफ पंचायत द्वारा कानूनी कार्यवाही के साथ-साथ 11 हजार रुपए का जुर्माना लगाया जाएगा। इस अवसर पर दयानंद यादव, सूबे सिंह, कालूराम, हरिप्रकाश नंबरदार, राजेन्द्र सिंह, विनोद कुमार, शीशराम, होशियार सिंह, कमल सिंह, अजीत सिंह व रतिपाल सिंह सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।