रेवाड़ी। खाटू श्याम धाम पर ध्वज चढ़ाने गए बाइक सवार मामा-भांजा को रविवार सुबह अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी, जिसमें दोनों की मौत हो गई। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जानकारी के अनुसार शहर की धक्का बस्ती निवासी 22 वर्षीय प्रीतम कुमार साथियों के साथ बाइक से शनिवार रात को ध्वज चढ़ाने के लिए राजस्थान स्थित खाटू श्याम धाम के लिए निकला था। प्रीतम के साथ उसका भांजा सचिन भी था। राजस्थान के कस्बा शाहपुरा के समीप रविवार की सुबह अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में प्रीतम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सचिन गंभीर रूप से घायल हो गया था। राजस्थान पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर सचिन को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था। रविवार की शाम प्रीतम का अंतिम संस्कार किया गया। वहीं दूसरी ओर देर शाम सचिन की भी उपचार के दौरान मौत हो गई। एक साथ दो मौतों से परिवारों में मातम छाया हुआ है। प्रीतम तीन भाइयों में सबसे छोटा था। राजस्थान पुलिस मामले की जांच कर रही है।