अलग-अलग हादसों में तीन लोगों की मौत, दो की शिनाख्त नहीं
अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी। रेवाड़ी-पटौदी मार्ग पर काकोड़िया गांव के समीप अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई। मृतक अपने गांव मुंढलिया से पटौदी जा रहा था। वहीं पुलिस ने शहर के राव तुलाराम पार्क तथा धारूहेड़ा में एक कंपनी के पास से ही दो शव बरामद किए हैं। इन दोनों मृतकों की अभी तक शिनाख्त नहीं हुई है। पुलिस ने शवों को पहचान के लिए नागरिक अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है।
सदर थाना पुलिस ने बताया कि गांव मुंढालिया निवासी 25 वर्षीय युवक पवन शुक्रवार रात को बाइक पर सवार हो कर अपने गांव से पटौदी की ओर जा रहा था। काकोडिया गांव के समीप किसी अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी, जिसमें युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने उसे ट्रामा सेंटर भर्ती कराया, जहां चिकित्कसों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सदर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
शहर के राव तुलाराम पार्क के समीप से पुलिस ने शनिवार सुबह एक व्यक्ति का शव बरामद किया है। मृतक की अभी तक शिनाख्त नहीं हुई है। वहीं पुलिस ने धारूहेड़ा से भी एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद किया है। सिटी थाना पुलिस को शनिवार सुबह सूचना मिली कि शहर के राव तुलाराम पार्क के समीप एक व्यक्ति का शव पड़ा होने के सूचना मिली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है। मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस ने शव को पहचान के लिए नागरिक अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है। पुलिस ने बताया कि संभवत: अधिक गर्मी के कारण व्यक्ति की मौत हुई है। इसके अलावा धारूहेड़ा औद्योगिक क्षेत्र में स्थित एक कंपनी के समीप से शुक्रवार रात को एक व्यक्ति का शव बरामद हुआ है। पुलिस ने बताया कि औद्योगिक क्षेत्र में स्थित लूमेक्स नामक कंपनी के समीप एक व्यक्ति का शव पड़ा होने की सूचना मिली। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शव को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है। मृतक की पहचान नहीं हो पाई है, जिसकी उम्र करीब 35 वर्ष है।
बीमारी से युवक की मौत
कसौला थाना क्षेत्र के गांव सुठानी में बीमारी के कारण एक युवक की मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस ने बताया कि यूपी के बड़ी निवासी 30 वर्षीय पंकज बावल आईएमटी में स्थित एक कंपनी में कार्य करता था। वह कई दिनों से बीमार था। शुक्रवार को उसकी तबीयत ज्यादा खराब हो गई, जिसे उपचार के लिए ट्रामा सेंटर लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।