घर में घुसकर जानलेवा हमला करने वाला चौथा आरोपी गिरफ़्तार
अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी। मॉडल टाउन थाना पुलिस ने दो माह पहले आपसी रंजिश के चलते हत्या की वारदात के बाद बदला लेने की मंशा से चांदपुर की ढाणी में स्थित एक घर में घुस कर परिवार पर जानलेवा हमला करने की वारदात में शामिल चौथे आरोपी को गिरफ्तार किया है। शुक्रवार को पुलिस ने आरोपी को अदालत से प्रोडक्शन वारंट पर लेकर एक दिन के रिमांड पर लिया है। आरोपी हत्या के एक मामले में भौंडसी जेल मे बंद था। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि 18 अप्रैल की सुबह बास सिताब राय निवासी सरजीत की गोली मार कर हत्या कर दी गई थी। हत्या करने वाले विपुल उर्फ ठोलिया व उसके साथी वारदात को अंजाम देने के बाद फरार हो गए थे। उसके बाद बदला लेने की मंशा से सरजीत पक्ष के लोगों ने उसी दिन बस स्टैंड के साइकिल स्टैंड पर कार्यरत शंशाक नामक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी थी। हत्या की इस वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी चांदपुर की ढाणी में विक्की गुर्जर के घर पहुंच गए। यहां भी आरोपियों ने तोड़फोड़ करते हुए फायरिंग करने के अलावा विक्की गुर्जर की पत्नी पर जानलेवा हमला कर दिया था। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या का प्रयास व आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी थी। पुलिस ने इस मामले में प्रोडक्शन वारंट पर पर आदर्श नगर भाडावास रोड निवासी हरकेश को गिरफ्तार किया है।