एटीएम तोड़कर उड़ाए 90 हजार रुपये
अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी। पुलिस की तमाम कोशिशों के बाद भी बैंकों की तरफ से एटीएम की सुरक्षा को लेकर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। सोमवार की रात को शहर के केवल बाजार में स्थित भारतीय स्टेट बैंक के एक एटीएम की सेफ रेक को तोड़कर बदमाश 90 हजार रुपये ले जाने में कामयाब हो गए। चोरी की घटना के बाद बदमाशों ने एटीएम का शटर बंद कर दिया। इस वजह से दोपहर तक की घटना के बारे में बैंक प्रबंधन को भी पता नहीं चला। दोपहर बाद जब निजी एजेंसी के कर्मचारी एटीएम में कैश डालने पहुंचे तब एटीएम तोड़े जाने की जानकारी मिली। पुलिस ने एटीएम का सुरक्षा संभालने वाली एजेंसी के कर्मचारी की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस ने बताया कि शहर केवल बाजार में भारतीय स्टेट बैंक का एटीएम लगा हुआ है। उस पर कोई गार्ड नहीं है। एटीएम रात के समय भी खुला रहता है। सोमवार की रात को बदमाशों ने इसी का फायदा उठाकर एटीएम को अपना निशाना बनाया। बदमाशों ने एटीएम की सेफ रेक को तोड़कर उसकी ट्रे में रखे करीब 90 हजार रुपये ले जाने में कामयाब हो गए। वारदात से पहले बदमाशों ने एटीएम के सीसीटीवी कैमरा भी क्षतिग्रस्त कर दिया। इसके बाद उसका शटर बंद करके चले गए। इस वजह से दोपहर तक घटना के बारे में पता तक नहीं चला। इसके बाद जब एजेंसी के कर्मचारी दोपहर के समय कैश डालने पहुंचे तो मशीन टूटी मिली। इसके बाद कर्मचारियों ने मामले की शिकायत पुलिस को दी। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची। पुलिस ने मुआयना करने के बाद शहर थाना में मामला दर्ज कर लिया है।