शराब की फर्जी बिल-बिल्टी बनाने का आरोपी गिरफ्तार
अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी।
रेवाड़ी से तस्करी के लिए बिहार ले जाई जा रही शराब की फर्जी बिल-बिल्टी बनाने वाले आरोपी को बीती शाम सीआईए रेवाड़ी ने गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान भगवानपुर निवासी सुमित कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के पास से वारदात में प्रयुक्त किया कंप्यूटर और बिल-बिल्टी बुक भी बरामद की है। आरोपी को रविवार को अदालत मे पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया। शराब तस्करी की उक्त वारदात में शामिल दो आरोपियों को पुलिस ने मौके से गिरफ्तार कर लिया था और दो आरोपी हाईकोर्ट से जमानत करा चुके हैं। एएसआई सुभाष चंद ने बताया कि 14 नवंबर 2017 को पुलिस को सूचना मिली थी कि रेवाड़ी के एक एल-वन से ट्रक में शराब भरकर तस्करी के लिए बिहार ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पुलिस ने धारूहेड़ा बस स्टैंड के नजदीक वाहनों की जांच शुरू की और उक्त ट्रक को पकड़ कर 501 पेटी शराब बरामद की थी। ट्रक से चालक व परिचालक को पुलिस ने मौके पर ही काबू कर लिया। ट्रक में मिले बिल-बिल्टी अंडों की ट्रे की बनाई हुई थी।