अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी। शहर के आजाद नगर निवासी एक प्रॉपर्टी डीलर को आलू गैंग ने अगवा कर कालका रोड पर ले जाकर 50 लाख रुपये की फिरौती मांगी। इसके साथ ही उसकी करीब 3 एकड़ जमीन का भी एग्रीमेंट करा लिया। आरोपियों ने मंगलवार तक फिरौती देने की धमकी देकर दोपहर करीब दो बजे छोड़ दिया। शनिवार देर शाम पीड़ित ने एसपी को शिकायत दी। उसके बाद मॉडल टाउन थाना पुलिस ने आलू गैंग के मुखिया सहित आधा दर्जन बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी हे। फिलहाल पुलिस ने प्रॉपर्टी डीलर को पुलिस सुरक्षा मुहैया करा दी है।
पुलिस के अनुसार आजाद नगर निवासी राजेश ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि शनिवार को वह अभय सिंह चौक स्थित एक चाय की दुकान पर बैठा हुआ था। इसी दौरान एक दो गाड़ी में सवार होकर आए आलू गैंग के बदमाशों ने पिस्तौल दिखाकर उसका अपहरण कर लिया। उसके बाद आरोपी उसे कालका रोड पर ले गए, जहां आलू गैंग के मुखिया सुनील ने उससे 50 लाख रुपये की मांग करते हुए गांव भटसाना में स्थित करीब 3 एकड़ जमीन का जबरन एग्रीमेंट करा लिया। बदमाशों ने दोपहर करीब दो बजे मंगलवार तक फिरौती के 50 लाख रुपये नहीं देने पर अंजाम भुगतने की धमकी देकर छोड़ दिया। राजेश ने अपने परिवार सहित शाम को पुलिस अधीक्षक को शिकायत दी। उसके बाद मॉडल टाउन थाना पुलिस ने सुनील, पलटी, बिरेन्द्र व महीपाल सहित आधा दर्जन अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
25 दिन पहले ही जमानत पर आया बाहर
पुलिस सूत्रों के अनुसार आलू गैंग का सुनील हत्या के मामले में जेल में बंद था। करीब 25 दिन पहले ही वह जमानत पर बाहर आया है। सुनील पर हत्या, हत्या के प्रयास, रंगदारी, फिरौती जैसे काफी मुकदमे दर्ज है। पुलिस सुनील व उसके साथियों की तलाश में जुटी हुई है, लेकिन अभी तक कोई सुराग हाथ नहीं लगा है।
राजेश की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। आरोपियों की तलाश की जा रही है। जल्द ही उन्हें काबू कर लिया जाएगा। फिलहाल पीड़ित को पुलिस सुरक्षा मुहैया करा दी गई है।
-राजेन्द्र सिंह, थाना प्रभारी, मॉडल टाउन।