ट्रक की चपेट में आने से श्रमिक की मौत, दूसरा घायल
अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी। शाहजहांपुर रोड स्थित गांव बैहरामपुर भड़ंगी के समीप ट्रक की चपेट में आने से सड़क किनारे पैदल चल रहे एक श्रमिक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी घायल हो गया। पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार जयपुर जिले के गांव रणजीतपुरा निवासी इंद्रजीत व उसके ताऊ का बेटा जयचंद गांव भड़ंगी स्थित एक ईंट-भट्ठे पर काम करते थे। शुक्रवार शाम को इंद्रजीत व जयचंद भड़ंगी बस स्टॉप से सामान खरीदने के बाद पैदल वापस भट्ठे पर जा रहे थे। गांव के कुछ दूर चलने पर भड़ंगी की ओर से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। जयचंद की मौके पर ही मौत हो गई जबकि इंद्रजीत घायल हो गया। चालक ट्रक को वहीं छोड़ कर फरार हो गया। सूचना मिलने के बाद बावल थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।