अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी। जिला में अलग-अलग स्थानों से एक नाबालिग और एक युवती लापता हो गई। नाबालिग के परिजनों ने एक युवक पर अपहरण करने का आरोप लगाते हुए पुलिस को शिकायत देकर प्राथमिकी दर्ज कराई है।
पुलिस को दी शिकायत में जाटूसाना थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति ने कहा है कि 28 दिसंबर की रात को करीब दस बजे उसकी नाबालिग बेटी अचानक लापता हो गई। परिजनों ने पड़ोस के एक गांव निवासी युवक पवन पर बेटी को बहला-फुसला कर ले जाने का आरोप लगाया है। जाटूसाना थाना पुलिस ने आरोपित के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इसी क्रम में शहर के सेक्टर निवासी एक महिला ने अपनी शिकायत में कहा है कि 18 वर्षीय बेटी एक जनवरी की दोपहर घर से गई थी। शाम तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, परंतु सभी स्थानों पर तलाश करने के बाद भी युवती का पता नहीं लग पाया। परिजनों ने अज्ञात पर उनकी बेटी को छुपा कर रखने का आरोप लगाते हुए पुलिस को शिकायत दी है। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।