तीन माह से लापता महिला लौटी अपने घर, चार लोगों पर लगाया सामूहिक दुष्कर्म करने का आरोप
अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी। धारूहेड़ा औद्योगिक क्षेत्र से तीन माह पूर्व लापता महिला शनिवार शाम अपने घर लौट आई है। महिला ने गांव के ही चार लोगों पर अपहरण कर उससे सामूहिक दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार राजस्थान के जिला भरतपुर की रहने वाली एक महिला अपने परिवार के साथ पिछले करीब दो वर्षों से औद्योगिक क्षेत्र धारूहेड़ा के एक गांव में रह रही थी। महिला तीन माह पूर्व अचानक लापता हो गई। जिसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट उसके पति ने धारूहेड़ा थाने में दर्ज कराई थी। शनिवार शाम को यह महिला अचानक घर लौट आई। महिला ने बताया कि तीन लोग उसका अपहरण कर उत्तराखंड ले गए। वहां उन्होंने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। शनिवार को वह किसी तरह उनके चंगुल से छूटकर भाग आई। पुलिस ने महिला की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उसका मेडिकल कराया। इस संबंध में थाना प्रभारी कुलदीप ने बताया कि महिला का मेडिकल कराया गया है। महिला ने चार लोगों पर आरोप लगाए हैं। इनमें से दो आरोपी तो गांव के ही हैं। पुलिस ने पीड़ित महिला की शिकायत पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।