वैन सवारों ने कार को टक्कर मारकर दी जान से मारने की धमकी
रेवाड़ी। शहर के सरकुलर रोड स्थित अग्रसेन चौक पर सोमवार की शाम को वैन में सवार कुछ युवकों ने एक कार को टक्कर मार दी। कार चालक द्वारा विरोध करने पर पिस्तौल दिखाते हुए जान से मारने की धमकी भी दी। जानकारी के अनुसार फरीदाबाद के गांव तिगांव निवासी भीम सिंह अपनी कार में शहर के सरकुलर रोड से जा रहे थे। अग्रसेन चौक पर पहुंचे तो एक वैन चालक ने उनकी कार को टक्कर मार दी। विरोध करने पर वैन में सवार युवकों ने उनके साथ अभद्रता शुरू कर दी। भीम सिंह ने बताया कि युवकों ने पिस्तौल दिखाते हुए उसे जान से मारने की धमकी दी और फरार हो गए। शहर थाना पुलिस ने भीम सिंह की शिकायत पर अज्ञात युवकों खिलाफ आर्म्स एक्ट, धमकी देने व अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।