रेवाड़ी। कसौला थाना क्षेत्र के गांव कमालपुर मुंडनवास में 30 सितंबर को हुई किसान धर्मचंद की हत्या में मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की गिरफ्तारी पुलिस ने मंगलवार रात को गांव से ही की। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान मुंडनवास गांव निवासी संदीप व महेंद्रगढ़ जिला निवासी नवीन के रूप में हुई है।
कसौला थाना प्रभारी अशोक कुमार ने बताया कि 30 सितंबर की सुबह कमालपुर मुंडनवास निवासी धर्मचन्द का शव खेतों मे पडे होने की सूचना मिली थी। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी थी। मृतक के भतीजे ने गांव के ही कुछ लोगों पर जमीन के विवाद के चलते अपने ताऊ की हत्या करने का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज कराया था। शिकायतकर्ता ने इस मामले में सात लोगों को नामजद कराया था जिसके बाद पुलिस द्वारा मामला दर्ज करने के बाद जांच शुरू कर दी गई थी। पुलिस ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच जमीन को लेकर विवाद चला आ रहा है जिससे धर्मचंद की हत्या की गई है। इस मामले में शामिल संदीप व नवीन को रात को पुलिस ने गांव के समीप से गिरफ्तार कर लिया।