रेवाड़ी।धारूहेड़ा के सेक्टर छह स्थित एक वर्कशाप के मैकेनिक की हत्या के मामले में सेक्टर-6 थाना पुलिस ने दो नाबालिग आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने हत्या करने में प्रयुक्त रस्सी भी बरामद कर ली है। आरोपियों ने मोबाइल के झगड़े में हत्या थी। दोनों आरोपियों को हिसार स्थित बाल सुधार गृह में भेज दिया गया है।
सेक्टर-6 थाना प्रभारी सुधीर कुमार ने बताया कि राजस्थान के जिला भरतपुर के गांव पहाड़ी निवासी 22 वर्षीय बिलाल एक वर्कशाप पर मैकेनिक था। एक जून को बिलाल का शव वर्कशाप के निकट झाड़ियों में पड़ा मिला था। पुलिस ने वर्कशॉप मालिक अमित की शिकायत पर हत्या का मामला दर्ज किया था। जांच के बाद पुलिस ने सोमवार को मृतक के साथ काम करने वाले दो नाबालिगों को गिरफ्तार कर लिया। दोनों ने बताया बिलाल के साथ उनका मोबाइल को लेकर झगड़ा हुआ था। झगड़े के बाद दोनों ने उसकी गला दबा कर हत्या कर दी थी और शव को उठा कर झाड़ियों में फेंक दिया था। हत्या करने के बाद दोनों फरार हो गए थे। पुलिस ने दोनों आरोपियों को जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड के सामने पेश किया जहां से उन्हें हिसार स्थित बाल सुधार गृह में भेज दिया गया।