रेवाड़ी। रेवाड़ी सीआईए की टीम ने सेक्टर-18 के समीप रविवार रात को गश्त के दौरान गुरुग्राम की कुख्यात कौशल गैंग के तीन गुर्गों को काबू किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गुरुग्राम के हरिनगर निवासी जितेंद्र उर्फ जीतू, गुरप्रीत उर्फ जट्टा व भवानी एंकलेव निवासी राहुल उर्फ बंजारा के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों से एक कार, दो देशी पिस्तौल, एक देशी कट्टा व 10 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार रविवार की रात को सीआईए की टीम शहर में गश्त कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि बोलनी रोड से कुछ बदमाश आ रहे है। सूचना के बाद पुलिस शहर के सेक्टर 18 के समीप नाकाबंदी कर वाहनों की जांच करनी शुरू कर दी। सीआईए की टीम में एएसआई सतीश कुमार, सिपाही विकास, सिपाही सतपाल, सिपाही विजय व सिपाही अनिल आदि शामिल थे। इसी बीच पुलिस को सामने से एक संदिग्ध कार आती हुई दिखाई दी। सीआईए टीम ने कार को रुकवाने क ा प्रयास किया, लेकिन कार चालक ने कार की गति को तेज कर दी, लेकिन सीआईए की टीम ने उन्हें दबोच लिया। कार की तलाशी के दौरान दो पिस्तौल, एक देशी कट्टा व 10 जिंदा कारतूस बरामद किए।। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे गुरुग्राम की कौशल गैंग से संबंध रखते है। पुलिस ने सोमवार को आरोपियों को कोर्ट में पेश कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।