पांच दिन बाद भी एटीएम उखाड़ने वालों का नहीं लगा सुराग
रेवाड़ी। राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-8 स्थित गांव खिजूरी बास के समीप नकदी से भरी एटीएम मशीन उखाड़ने के मामले में पांच दिन बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं। चोरों की तलाश में पुलिस ने अनेक स्थानों पर दबिश की, लेकिन बदमाशों का सुराग नहीं लगा पाई है।
उल्लेखनीय है कि दिल्ली-जयपुर हाईवे स्थित गांव खिजूरी बास के बस स्टाप पर आईसीआईसीआई बैंक के एटीएम को पांच दिन पूर्व बदमाशों ने अपना निशाना बनाया था। एक्स्ट्रा ग्राफिक सिस्टम कंपनी द्वारा लगाए गए इस एटीएम बूथ में करीब 2 लाख रुपये की नकदी थी। बदमाश शटर का ताला तोड़ कर एटीएम ही उखाड़ ले गए। पुलिस ने मामला दर्ज जांच शुरू की थी।
घटना के बाद से ही पुलिस की टीम चोरों का पता लगाने का प्रयास कर ही है। पुलिस हाईवे पर स्थित पेट्रोल पंपों व अन्य व्यवसायिक प्रतिष्ठानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल चुकी है। एटीएम बूथ में भी सीसीटीवी कैमरा नहीं लगा था, जिस कारण पुलिस को अधिक मुश्किलें आ रही हैं। पुलिस ने एटीएम चोरी की वारदात में शामिल रहे बदमाशों की तलाश भी शुरू की है, जिसके लिए मेवात क्षेत्र में भी जांच के लिए पहुंच रही है, परंतु कामयाबी नहीं मिल पाई है।
---
पुलिस ने एटीएम बूथ के आसपास पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। पुलिस ने मेवात में सक्रिय एटीएम चोर गिरोह का पकड़ने के लिए भी दबिश दी। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
कुलदीप, थाना प्रभारी, धारूहेड़ा थाना।