किसान की हत्या करने वाले पिता-पुत्र सहित तीन पर मामला दर्ज
रेवाड़ी। खोल थाना क्षेत्र के गांव डहीना में रविवार रात को किसान के बेटे की हत्या के मामले में पुलिस ने पिता-पुत्र सहित तीन पर हत्या का मामला दर्ज किया है। पुलिस ने सोमवार को किसान के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश भी तेज कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में मृतक बलराज की मां ने बताया कि रविवार रात को जमीन की बंटाई को लेकर गांव के बलराज सिंह एवं नरेंद्र में झगड़ा हो गया था। झगड़े के दौरान नरेंद्र एवं उसके पुत्र सतीश कुमार सहित अन्य ने उसके बेटे पर लोहे की रॉड से वार कर दिया जिससे वह बेहोश हो गया। बेहोश होने के बाद भी आरोपी उस पर वार करते रहे जिससे उसकी मौत हो गई। सूचना के बाद खोल थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल के शव गृह में रखवा दिया। पुलिस ने सोमवार को शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस ने बताया कि फिलहाल तीनों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
--
मृतक की मां की शिकायत पर तीन लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।
- बिजेंद्र सिंह,एसएचओ थाना खोल।