अलग-अलग सड़क हादसों में दो की मौत
रेवाड़ी। कोसली क्षेत्र के गांव कारोली के समीप रविवार रात को ट्रक व बाइक की भिड़ंत में भड़ंगी निवासी एक युवक की मौत हो गई। वहीं नारनौल रोड पर खोरी गांव के समीप रोडवेज बस की टक्कर से घायल युवक की अस्पताल में मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
भडंगी निवासी मंजीत कुमार रविवार रात को अपनी बाइक पर से कनीना से नाहड़ की ओर जा रहा था। कारोली के समीप सामने चल रहे ट्रक ने अचानक ब्रेक लगा दिए, जिससे मंजीत की बाइक ट्रक में जा टकराई। हादसे में मंजीत गंभीर रूप से घायल हो गया और ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। आसपास के लोगों ने मंजीत को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने ट्राला चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
उधर, नारनौल रोड पर खोरी गांव के समीप रोडवेज बस की टक्कर से घायल युवक की अस्पताल में मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि गांव राजपुरा इस्तमुरार निवासी 24 वर्षीय रवि कुमार 13 अप्रैल को बाइक से जा रहा था। गांव खोरी के समीप एक तेज रफ्तार रोडवेज की बस ने रवि को टक्कर मार दी, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उपचार के लिए उसे ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां से उसकी गंभीर हालत को देखते हुए अन्यत्र रेफर कर दिया गया। जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। रामपुरा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया।