रेवाड़ी। 21 अप्रैल की रात को महेश्वरी के पास बाइक सवार दो युवकों को कार से कुचल कर हत्या का प्रयास करने के मामले में धारूहेड़ा सेक्टर-6 थाना पुलिस ने दो आरोपियों को काबू कर लिया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान अलवर जिला के गांव खिजुरीवास निवासी बिल्लू सिंह व गांव धौलाका निवासी जयभगवान के रूप में हुई है।
इस मामले की जांच कर रहे एसआई बिरेन्द्र सिंह ने बताया कि 21 अप्रैल की रात भिवाडी निवासी गौरव, ललित व फरीदाबाद निवासी विशाल अलवर रोड पर स्थित एक होटल पर खाना खा रहे थे। इसी दौरान उनका उक्त आरोपियों के साथ किसी बात पर मामूली विवाद हो गया था। इस दौरान आरोपियों ने तीनों को गाड़ी से उड़ा देने की धमकी भी दी थी। खाना खाने के बाद गौरव अपनी गाड़ी में था और ललित और विशाल बाइक पर सवार हो चले थे। इसी दौरान उक्त आरोपी अपनी एसेंट कार में सवार होकर आए और बाइक पर जा रहे ललित और विशाल को जान से मारने की नियत से टक्कर मार दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने गौरव की शिकायत पर हत्या का प्रयास सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की थी और गत दिवस दोनो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। वीरवार को दोनों आरोपियों को अदालत मे पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा। रिमांड के दौरान वारदात में प्रयोग की गई कार को बरामद करने का प्रयास किया जाएगा।
फोटो 30