चालक और सहायक को बंधक बनाकर ट्राले के 11 टायर उतारे
अमर उजाला ब्यूरो
बावल। दिल्ली-जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या आठ पर बावल के निकट शुक्रवार रात एक ढाबे के पास ट्राले में सो रहे चालक और सहायक को बंधक बनाकर बदमाश राजस्थान ले गए। वहां एक जगह ट्राले के 11 टायर उतार लिए। घटना के बाद बदमाश दोनों को बंधक अवस्था में केबिन में ही छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने चालक की शिकायत पर मामला दर्ज कर बदमाशों की तलाश तेज कर दी है।
बावल पुलिस को दी शिकायत में ट्राला चालक जिला अलवर के गांव मुनपुर करमला निवासी वसीम खान ने बताया कि वह अलवर की तनुश्री लॉजिस्टिक प्राइवेट कंपनी बतौर चालक कार्यरत है। उसके साथ जिला अलवर के किशनगढ़बास थाना क्षेत्र के गांव न्याणा निवासी साहिर खान भी बतौर सहायक लगा है। उन्होंने बताया कि दोनों 22 जून को खुशखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र से कलिंकर भरकर ब्यावर अजमेर के लिए रवाना हुए थे। बावल के निकट एक पेट्रोल पंप पर तेल डलवाने के बाद उन्होंने रात होने पर ट्राले को ढाबे के समीप खड़ा कर उसमें सो गए। रात करीब दो बजे चार बदमाशों ने उनको केबिन में ही बंधक बना लिया। शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद बदमाशों ने पिटाई करने के बाद चाबी लेकर उनको बंधक बना लिया। इसके बाद बदमाश ट्राले को बावल से निकट के गांव जिला अलवर में आने वाले शीलगांव लेकर गए। यहां पर बदमाशों ने उतरने के बाद ट्राले के 11 टायर रिम सहित खोल लिए और उनको एक वाहन में डालकर ले गए। इसके बाद सुबह होने पर ग्रामीणों की मदद से चालक और सहायक बंधन मुक्त हुए। बावल पहुंचकर पेट्रोल पंप संचालक को घटनाक्रम की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस को मामले की जानकारी दी गई। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने मुआयना करने के बाद मामला दर्ज कर लिया है।