कोसली में व्यापारी से लूट करने वालों का सुराग नहीं, आज उपायुक्त से मिलेंगे व्यापारी
अमर उजाला ब्यूरो
कोसली। कस्बे के व्यापारी के साथ 24 दिसंबर को हुई 4 लाख रुपये की लूट के मामले में पुलिस अभी तक बदमाशों को तक नहीं पहुंच पाई है। इसी के विरोध में वीरवार को कोसली व्यापार मंडल की बैठक रामरत्न धर्मशाला में आयोजित हुई। बैठक में व्यापारियों ने अभी तक बदमाशों का सुराग नहीं लगाए जाने पर रोष प्रकट करते हुए कहा कि शुक्रवार को रेवाड़ी पहुंचकर उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपेंगे। साथ ही व्यापारियों ने रविवार तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर सोमवार को फिर से बाजार बंद रखने का एलान किया है।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए अग्रसेन सभा के प्रधान अरुण गोयल ने कहा कि वारदात के दस दिन बाद भी पुलिस द्वारा बदमाशों का सुराग नहीं लगाया जा सका है, जिससे व्यापारियों में असुरक्षा बनी हुई है। बैठक में व्यापारियों ने बदमाशों की तुरंत गिरफ्तारी की मांग करते हुए कहा कि अभी तक पुलिस की कार्यशैली इस मामले में ठीक नहीं है। बैठक में व्यापारियों ने शुक्रवार को उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक व आईजी से मिलकर ज्ञापन देने का निर्णय लिया। वक्ताओं ने कहा कि यदि रविवार तक अपराधियों की गिरफ्तारी नहीं होती है तो सोमवार को दोबारा बाजार बंद किया जाएगा। उन्होंने कहा कि एक माह पूर्व भी एक ज्वेलर्स से लाखों रुपये की ज्वेलरी व नकदी छीने जाने की घटना हुई थी। इसके बाद व्यापारी महेंद्र कुमार के कर्मचारी से बदमाश खुलेआम 4 लाख रुपये से भरा बैग छीनकर ले गए। वक्ताओं ने कहा कि अभी तक ज्वेलर से छीनी गई नकदी और ज्वेलरी बरामदगी हो नहीं सकी है। बैठक में व्यापारियों ने सर्वसमति से सोमवार को बाजार बंद रखने व प्रदर्शन का निर्णय लिया। बैठक में बार एसोसिएशन के प्रधान दुष्यंत यादव, सुनील गोयल, सुरेश कुमार, कृष्ण कुमार, घमंडी लाल, जगदीश प्रसाद, लीलूराम, पेशकुमार, नवीन गोयल, कृष्ण बंसल, राधेश्याम, सतबीर सिंह, रविदत्त, सुभाष चंद व पवन बंसल सहित अन्य लोग मौजूद थे।