हनुमान मंदिर से बाहर से वृद्ध महिला के गले से सोने की चेन झटकी
अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी।
शहर के बड़ा तालाब स्थित हनुमान मंदिर में दोपहर को दर्शनों के लिए आई एक वृद्ध महिला के गले से अज्ञात महिला ने सोने की चेन झटक ली। घटना के बाद महिला ने शोर भी मचाया लेकिन तब तक आरोपी महिला वहां से फरार होने में कामयाब हो गई। जानकारी के अनुसार शहर के प्रसिद्ध व्यापारी एवं डिनको मोटर्स के संचालक दिनेश गोयल की मां रामा देवी मंगलवार दोपहर को बड़ा तालाब स्थित हनुमान मंदिर में दर्शकों के लिए आईं थीं। प्रसाद चढ़ाने के बाद जैसे ही मंदिर से बाहर अपनी कार की तरफ आ रहीं थीं। उसी दौरान किसी महिला ने उनके गले में पड़ी सोने की चेन को झटक लिया। रामा देवी जब तक संभल पाती तब तक आरोपी महिला भीड़ में गायब हो गई। चेन झटकने के दौरान उनका पैंडल वहीं गिर गया। इसके बाद उन्होंने शोर भी मचाया लेकिन महिला का कोई सुराग नहीं लग पाया। तीन दिन पहले भी गढ़ी बोलनी स्कूल की एक शिक्षिका के गले से बाइक सवार बदमाश सोने की चेन झटक कर ले गए थे।