9 साल तक के सभी बच्चों को खिलाई जाएगी पेट के कीड़े मारने की दवा
अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी।
हरियाणा में ‘राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस’ पर शनिवार को एक साल से 19 साल तक के सभी बच्चों को पेट के कीड़े मारने की दवाई खिलाई जाएगी। उपायुक्त पंकज ने बताया कि रेवाड़ी के सरकारी व गैर सरकारी स्कूलों के 19 साल तक के 2 लाख 72 हजार बच्चों को पेट के कीड़ों की दवा 10 फरवरी शनिवार को खिलाई जाएगी। उन्होंने सभी स्कूलों के शिक्षकों को निर्देश दिये हैं कि वे सरकार की इन हिदायतों का दृढ़ता से पालना करें। उपायुक्त ने सभी स्कूल प्रभारियों को निर्देश दिये हैं कि स्कूल में जो मिड-डे मील के खाने के बाद यह दवाई बच्चों को खिलाई जाए। यह दवाई पूर्ण रूप से सुरक्षित है। इसका कोई साइड इफैक्ट नहीं है। इसमें किसी प्रकार की कोताही सहन नहीं की जाएगी। उन्होंने बताया कि 10 फरवरी 2018 को एक साल से 19 साल तक के सभी स्कूली बच्चों के अलावा आंगनबाड़ी केंद्रों और शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में भी इस दिन कीड़े मार दवाई खिलाई जाएगी। उन्होंने बताया कि कृमि संक्रमण से बच्चों में कुपोषण और खून की कमी होती है। इस कारण बच्चा हमेशा थकावट महसूस करता है। उसका संपूर्ण शारीरिक व मानसिक विकास नहीं होता है। उन्होंने बताया कि अलबेंडाजोल की गोलियां प्रदान की जाएंगी जो कि बच्चों द्वारा चबाकर खाई जाएं। बच्चों को नंगे पैर न घूमने की सलाह दी जाए।