रेवाड़ी। रेवाड़ी कोर्ट परिसर स्थित लॉकअप में मंगलवार की शाम एक गैंग से जुड़े दो बदमाशों ने एक मामले में लॉकअप में बंद किए गए रोडवेज चालक और परिचालक पर हमला कर दिया। इस दौरान बचाव के लिए पहुंचे एस्कोर्ट गार्ड के साथ भी बदमाशों ने मारपीट की। फिलहाल इस मामले में सेक्टर तीन चौकी पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार हत्या के मामले में भौंडसी जेल में बंद मोहल्ला बास सिताबराय निवासी प्रवीन की मंगलवार को आर्म्स एक्ट के एक मामले में रेवाड़ी कोर्ट में पेशी थी। इसके अलावा उसके साथ गुर्जरवाड़ा निवासी जौनी, माता चौक निवासी राजेश व माढोठी निवासी रविंद्र की हत्या के प्रयास के मामले में पेशी थी। सभी को रेवाड़ी कोर्ट में तारीख-पेशी के बाद लॉकअप में बंद किया हुआ था। लॉकअप में ही रोडवेज के चालक और परिचालक सुरेंद्र व रामचंद्र को सरकारी काम में बाधा पहुंचाने के मामले में बंद किया गया था। शाम करीब 4 बजे किसी बात को लेकर दोनों गुटों में झगड़ा हो गया। आरोपी बदमाशों ने सुरेंद्र और रामचंद्र पर हमला कर दिया। दोनों की बुरी तरह पिटाई शुरू कर दी। शोर सुनकर एस्कोर्ट गार्ड में तैनात ईएएसआई राजेंद्र उन्हें छुड़ाने पहुंचा तो आरोपियों ने उसके साथ भी मारपीट शुरू कर दी। उसके बाद गार्द के अन्य जवान लॉकअप में पहुंचे और आरोपियों को अलग-अलग किया। मामले की जानकारी सेक्टर-तीन चौकी पुलिस को दी गई। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।