पंप हाउस में मिला लापता युवक का शव
अमर उजाला ब्यूरो
जाटूसाना।
गांव गुडियानी से दो दिन पूर्व घर से लापता युवक का शव रविवार को जाटूसाना स्थित जेएलएन नहर के पंप हाउस में उतराता मिला है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार गुडियानी निवासी 20 वर्षीय पवन होली के दिन अचानक घर से लापता हो गया। परिजनों ने उसकी काफी खोजबीन की। उसका कहीं सुराग नहीं मिलने पर कोसली थाना में गुमशुदगी का मामला दर्ज करा दिया था। रविवार को जाटूसाना स्थित जवाहर लाल नेहरू कैनाल के पंप हाउस पर कार्यरत कर्मचारी ने पंप हाउस में एक युवक का शव उतराता दिखाई दिया। उसने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने शव को बाहर निकालकर कार्रवाई शुरू कर दी। मृतक की पहचान गुडियानी निवासी पवन के रूप में हुई। बताया गया है कि मृतक पवन मंदबुद्धि था।