‘अपनों को बचाने के लिए पुलिस ने कार्रवाई तो दूर घायल के बयान तक नहीं किए दर्ज’
पतंग व्यापारी से पुलिसकर्मियों द्वारा मारपीट का मामला पहुंचा आईजी के पास, पुलिस की मनमानी के खिलाफ व्यापारियों में गुस्सा
अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी।
दो पुलिसकर्मियों द्वारा शहर के एक पतंग व्यापारी से जबरन दुकान बंद कराने एवं मारपीट करने के मामले में एक दिन बीत जाने के बाद भी कोई कार्रवाई न होने से गुस्साए व्यापारियों ने आईजी एवं एसपी को शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। उल्लेखनीय है कि पुलिस कर्मियों की दबंगई साफ तौर पर सीसीटीवी फुटेज में दिख रही है। उधर, व्यापारियों का कहना है कि कार्रवाई तो दूर पुलिस ने ट्रॉमा सेंटर में भर्ती व्यापारी के बयान तक दर्ज नहीं किए। इतना ही नहीं बताया जा रहा है कि पुलिस अपने दो कर्मचारियों को बचाने के रास्ते तलाशने में लगी हुई है। व्यापारियों के साथ भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक सतीश खोला भी मौजूद रहे।
---------------
यह है पूरा मामला.........
जानकारी अनुसार बल्लूवाड़ा निवासी त्रिवेंद्र गुप्ता घर के पास ही पतंग की दुकान चलाता है। दो दिन पहले ही गुप्ता की दुकान पर कुछ बदमाश किस्म के लोग पहुंचे और जबरन पतंग-चरखी लेकर फरार हो गए थे। इसकी शिकायत त्रिवेंद्र ने नजदीक ही भाड़ावास गेट चौकी पुलिस के साथ उच्च अधिकारियों को भी दी थी। बताया जा रहा है कि इसको लेकर ही भाड़ावास गेट चौकी में तैनात पुलिसकर्मियों दुकानदार से खपा थे। मंगलवार शाम करीब आठ बजे तीज की पूर्व संध्या पर त्रिवेंद्र की दुकान पर ग्राहकों की भीड़ लगी थी। इस दौरान भाड़ावास गेट चौकी पुलिस के दो पुलिसकर्मी व्यापारी की दुकान बंद कराने पहुंच गए। आरोप है कि दुकान बंद नहीं करने पर दोनों ने त्रिवेंद्र एवं दुकान के कारिंदे के साथ मारपीट की। फिलहाल दुकानदार ट्रॉमा सेंटर में भर्ती भी है। बताया जा रहा है कि पुलिस कर्मियों की मनमानी सीसीटीवी में भी साफ दिख रही है।
------------------
वर्जन-
मारपीट करने की शिकायत हमारे पास आई है। मामले की जांच गंभीरता से की जा रही है। जो भी पुलिसकर्मी इसमें दोषी पाया जाएगा। उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
-सत्यपाल यादव, डीएसपी, रेवाड़ी।