रेवाड़ी। शहर के रेलवे स्टेशन के मुख्य गेट के निकट पुलिस ने एक व्यक्ति का शव बरामद किया है। पुलिस ने शिनाख्त के बाद परिजनों को शव सौंप दिया। जांच अधिकारी एएसआई बाबूलाल ने बताया कि शनिवार को राजकीय रेलवे पुलिस को सूचना मिली कि स्टेशन के मुख्य गेट के निकट एक व्यक्ति अचेत अवस्था में पड़ा है। पुलिस मौके पर पहुंची तो वह मृत अवस्था में था। मृतक की जेब से मिले ड्राइविंग लाइसेंस से उसकी शिनाख्त जिला महेंद्रगढ़ के गांव भुरजट निवासी 42 वर्षीय रमेश कुमार के रूप में हुई। सूचना मिलने के बाद मृतक के परिजन भी रेवाड़ी पहुंच गए। परिजनों ने बताया कि रमेश को पीलिया की बीमारी थी तथा शराब पीने का आदी था। वह 24 मार्च को घर से निकला था और वापस नहीं लौटा था। परिजन भी उसकी तलाश कर रहे थे। अंदेशा है कि रमेश की बीमारी के कारण मौत हो गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारण की जानकारी हो पाएगी। उन्होंने बताया कि सामान्य कार्रवाई करते हुए पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
-------