रेवाड़ी। जिले में एटीएम बदलकर नकदी निकालने के मामले बढ़ते जा रहे है। सोमवार को भी शहर के महाराणा प्रताप चौक के समीप स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की शाखा के समीप एटीएम बूथ कार्ड बदलकर नकदी निकाले जाने का मामला सामने आया है। गांव ढाणी निवासी दिनेश कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि सोमवार को शहर के महाराणा प्रताप चौक के समीप एसबीआई के एटीएम बूथ पर रुपये निकालने के लिए गया था। काफी देर प्रयास करने के बाद रुपये नहीं निकाले तो उसने समीप ही खड़े एक व्यक्ति की सहायता ली, लेकिन उसके बाद भी रुपये नहीं निकले तो वह वापस चला गया। कुछ समय बाद उसके मोबाइल पर 40 हजार रुपये की नकदी निकाले जाने की मैसेज आया। इसके बाद उसने बैंक अधिकारियों व पुलिस से शिकायत की। शिकायत के बाद माडल टाउन स्थित सेक्टर तीन चौकी पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।