रेवाड़ी। बावल थाना क्षेत्र के गांव खिजूरी में बुधवार देर शाम को करीब 8.30 बजे सड़क किनारे खड़े जीजा-साला को कार सवार बदमाशों ने गोली मार दी। गोली लगने से जीजा सुरेश कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया और साला दीपक भी घायल हुआ है। घायलों को बावल के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। सूचना मिलने के बाद पुलिस पहुंची और सीमावर्ती राजस्थान पुलिस से नाकाबंदी कराकर बदमाशों की तलाश तेज कर दी है।
जानकारी के अनुसार बकरी पालन का काम करने वाला 45 वर्षीय सुरेश कुमार अपने साले अलवर निवासी दीपक के साथ शाम करीब साढ़े आठ बजे अपने प्लाट से लौट रहा था। इसी दौरान वह सड़क पर वाहन आने की वजह से वे सड़क पर ही खड़े हो गए। इसी दौरान बावल की तरफ से आई एक बार में सवार बदमाशों ने उनके समीप आकर कार रोकी और दोनों पर गोली चला दी। पुलिस ने बताया कि दो गोली सुरेश कुमार की छाती में लगी है जबकि एक-एक गोली पैर व हाथ में लगी है जबकि उसके साला दीपक के पैर में गोली लगी। घटना को अंजाम देने के बाद कार सवार बदमाश राजस्थान की तरफ भाग निकले। इस गांव के बाद राजस्थान का इलाका ही प्रारंभ हो जाता है। उधर गोली लगने के बाद दोनों सड़क पर गिर गए और आसपास के लोगों ने दोनों को घायल अवस्था में देखकर शोर मचा दिया। इसके बाद पूरे गांव में गोली मारने की वारदात की सूचना फैल गई जिसके बाद बड़ी संख्या में लोग वहां पहुंच गए। ग्रामीणों ने घटना की सूचना पुलिस को देने के बाद तत्काल दोनों घायलों को बावल के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में दाखिल कराया जहां सुरेश कुमार की हालत गंभीर बताई गई है। पुलिस ने बताया कि सुरेश कुमार के पेट में गोली लगी है जबकि उसके साला दीपक के पैर में गोली लगी है।
गोली मारने की वजह अभी साफ नहीं
बावल थाना प्रभारी नरेंद्र सिंह ने बताया कि दोनों घायलों का इलाज चल रहा है। गोली मारने वाले बदमाश कौन है यह अभी तक साफ नहीं हो पाया है। घायलों ने किसी से रंजिश की बात से इनकार किया है इसलिए अभी तक गोली मारने की वजह साफ नहीं हो पाई है। अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।