ससुर सहित तीन पर फर्जी फर्जीवाड़े का केस दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
कोसली। नाहड़ गांव की महिला ने अपने ही ससुर सहित परिवार के तीन सदस्यों पर साजिश कर उसके पति के दिवंगत ताऊ के बैंक खाते से 2 लाख चार हजार 929 रुपये निकालने का आरोप लगाया है। शिकायत मिलने के बाद कोसली थाना पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस को दी शिकायत में नाहड़ निवासी आरती ने बताया कि उसके पति का ताऊ मांगेराम अविवाहित थे। उन्होंने अपने जिंदा रहने के दौरान अपनी चल व अचल संपत्ति की वसीयत उसके पति प्रदीप कुमार के हक में 2014 में पंजीकृत करवा दी थी। जिसके गवाह उसके ससुर राममेहर थे। उसी दिन उसके ससुर की मां शांति देवी व पिता भीखाराम एवं ससुर राममेहर ने अपनी जमीन की एक रिलीज डीड नाहड़ तहसील में कराई थी। मांगेराम के नाम पर नाहड़ पीएनबी में एक खाता था जिसमें 2 लाख चार हजार 929 रुपये की राशी जमा थी। मांगेराम की 28 नवंबर 2016 को मृत्यु हो गई। जिसके बाद तीनों ने फर्जी तरीके से बनावटी दस्तावेज तैयार करके असल तथ्यों को छुपाकर मृतक मांगेराम के खाते से यह राशी निकलवा ली। मांगेराम के खाते में जमा राशि के असल हकदार वह स्वयं तथा उसका पुत्र गर्वित है।