इलाके के सूनसान मकानों की रेकी कर रात में चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। तीनों ने इलाके में चोरी की आधा दर्जन वारदातों के अंजाम देने की बात कुबूली है। आरोपियों के पास वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक, लोहे की सबल के अलावा लॉक तोड़ने के लिए इस्तेमाल की जाने वाली पाइप रिंच भी बरामद की गई है। रविवार आरोपियों को कोर्ट में पेश कर दो दिन के रिमांड पर लिया गया है।
धारूहेड़ा सीआईए इंचार्ज कबूल सिंह ने बताया कि 24 दिसंबर की रात गिरोह ने धारूहेड़ा के आजाद नगर में रहने वाले कृष्ण कुमार के घर में सेंध लगाकर लाखों रुपए की नकदी, सोने के आभूषण व अन्य सामान पर हाथ साफ कर दिया था। वारदात से पहले 20 दिसंबर को कृष्ण कुमार अपने पैतृक गांव परखोत्तमपुर जयपुर गया हुआ था। 24 दिसंबर को वापस लौटा तो घर के दरवाजों के ताले टूटे पाए और अलमारी व घर में रखा सामान इधर उधर बिखरा हुआ पाया था। घर से लाखों की चोरी होने के बाद उसने शिकायत दर्ज कराई थी। इस मामले में धारूहेड़ा थाना पुलिस ने केस दर्ज किया है।
सीआईए इंचार्ज कबूल सिंह ने बताया कि गिरोह के बदमाश एक बार फिर वारदात को अंजाम देने के लिए पहुंचे थे, लेकिन मुस्तैदी से तैनात सीआईए टीम ने देर शाम तीनों बदमाशों को सुभाष चौक से गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की पहचान रमेश, राजीव व टोनी के रूप में हुई है। तीनों पूछताछ की तो बदमाशों ने धारूहेड़ा थाना क्षेत्र में चोरी की करीब आधा दर्जन वारदातें करने का खुलासा किया है। पुलिस ने बदमाशों को कोर्ट में पेश कर दो दिन के रिमांड पर लिया गया है। रिमांड के दौरान अन्य वारदातों का भी खुलासा होने की संभावना से इंकार नही किया जा सकता है।