कसौला थाना क्षेत्र के गांव मुकुंदपुर बसई निवासी एक युवक का अपहरण कर आरोपियों ने चार कनाल जमीन जबरन अपने नाम करा ली। आरोपियों ने युवक को बिना रुपये दिए, जान से मारने की धमकी देकर छोड़ दिया। कसौला पुलिस ने युवक की मां की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार गांव मुकुंदपुर बसई निवासी बसंती देवी ने कसौला पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 16 जुलाई को गांव बोलनी निवासी बिरेन्द्र सिंह, उसके गांव के कपूर सिंह, सत्यनारायण, बसंत, नितिन, सोनू, जोगिन्द्र सरपंच व देशराज चौकीदार ने उसके 18 वर्षीय बेटे राकेश कुमार को अगवा कर लिया। उसके बाद आरोपी राकेश को किसी सुनसान जगह ले गए। वहां ले जाकर पहले उसके साथ मारपीट की गई और बाद में जान से मारने की धमकी देते हुए जबरन उसकी चार कनाल जमीन खुद के नाम करा ली। जमीन की कीमत लाखों रुपए में बताई गई है। पूरी घटना को लेकर राकेश ने अपनी मां को बताया। उसके बाद पुलिस को शिकायत दी गई। पुलिस ने मामले की जांच की और तथ्य सामने आने के बाद आरोपितों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर लिया है।