कोसली नठेड़ा रोड पर दो युवकों ने कार सवार युवकों पर हमला कर दिया। युवकों ने कार का शीशा तोड़ दिया तथा करीब 20 हजार रुपये की नकदी छीन कर फरार हो गए। जान से मारने की धमकी भी दी गई। थाना कोसली पुलिस ने शिकायत के बाद मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकयत में गांव टूमना निवासी एडवोकेट विनय कुमार ने कहा है कि वह वर्तमान में नठेडा रोड स्थित आस्था कॉलोनी में रह रहा है। रात को करीब 9 बजे वह अपने दोस्त गांधी नगर निवासी उमादत्त उर्फ रिंकू के साथ कार में सवार होकर घर की तरफ आ रहा था। नठेड़ा रोड पर वह कार से उतरने लगे तो दो युवक वहां पहुंचे। युवकों ने धमकी दी कि जो कुछ भी उनके हवाले कर दो तथा मारपीट शुरू कर दी। एक युवक ने कार का पीछे का शीश तोड़ दिया और पैसे नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी। आरोपियों ने विनय की जेब से 20 हजार रुपये छीन लिए। मारपीट से बचने के लिए दोनों वहां से भागे तो बदमाशों ने उनका पीछा शुरू कर दिया। वह किसी तरह अपने घर पहुंचे और परिजनों को वारदात की जानकारी दी। पुलिस ने विनय की शिकायत पर अज्ञात युवकों खिलाफ मारपीट व लूटपाट का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।