शहर के एक निजी अस्पताल में घायल जेबीटी के छात्र की मौत के मामले में मॉडल टाउन थाना पुलिस ने अस्पताल के दो चिकित्सकों सहित चार लोगों के खिलाफ लापरवाही का केस दर्ज किया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
उल्लेखनीय है कि राजस्थान के अलवर जिला के गांव मसवासी निवासी 21 वर्षीय संजीत बावल के एक कॉलेज में जेबीटी का छात्र था। मंगलवार की सुबह अपने एक साथी के साथ बाइक पर कॉलेज जा रहा था। गांव भगाना के निकट सामने से एक स्कूल बस ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी थी, जिसमें संजीत गंभीर रूप से घायल हो गया था। उसे इलाज के लिए राजेश पायलट चौक स्थित एक नामी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उसने दोपहर बाद दम तोड़ दिया था। संजीत की मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल में जमकर हंगामा किया था।
हंगामे के चलते देर रात तक अस्पताल में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था। इतना ही नहीं रात के समय ही नागरिक अस्पताल में संजीत के शव का भारी पुलिसबल की मौजूदगी में पोस्टमार्टम कराया गया था। इस मामले में संजीत के परिवार के सुरेंद्र की शिकायत पर मॉडल टाउन थाना पुलिस ने अस्पताल के कर्मचारी मुकेश कुमार, अवनित पाल के अलावा दो चिकित्सकों के खिलाफ लापरवाही का केस दर्ज किया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।