गांव नाहड़ में एक व्यक्ति के घर में घुस कर दीवार व टीनशेड तोड़ने तथा मारपीट करते हुए जान से मारने की धमकी देने के मामले में कोसली थाना पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान महेंद्रगढ़ के मोहल्ला सैनीपुरा निवासी धीरज सैनी के रूप में हुई है।
शिकायत में गांव नाहड़ निवासी बिजेंद्र यादव ने कहा था कि 26 दिसंबर को वह अपने परिवार के साथ प्लाट में काम कर रहा था। इसी दौरान तीन-चार गाड़ियों में एक दर्जन से अधिक हथियारबंद लोग पहुंचे और तोड़फोड़ शुरू कर दी। आरोपियों ने उनकी दीवार व टीनशेड भी तोड़ दिया। विरोध किया तो आरोपियों ने उनके साथ मारपीट की तथा जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। कोसली थाना पुलिस ने बिजेंद्र यादव की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। जांच के बाद शुक्रवार की शाम आरोपी धीरज सैनी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।