तालाबंदी करने पहुंचे बैलिफ से बात करते जिमखाना क्लब के लोग
- फोटो : Rewari
गुर्जर घटाल की 23 एकड़ जमीन अधिग्रहण के लिए एन्हांसमेंट राशि किसानों को नहीं दिए जाने पर हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण(एचएसवीपी) के रेवाड़ी स्थित जिमखाना क्लब व स्टेट ऑफिस के साथ गुरुग्राम के सेक्टर- 14 स्थित मुख्य ऑफिस को अटैच कर करने के फैसले के बाद वीरवार को कोर्ट का बैलिफ जिमखाना क्लब का ताला लगाने पहुंचा। ताला लगाने की सूचना मिलते ही वहां पर जिम कर रहे व रेस्टोरेंट में बैठे लोगों मे अफरा-तफरी मच गई। लोग बीच में ही जिमखाना छोड़ चलते बने। सूचना पाकर जिमखाना क्लब के सदस्य,
मैनेजर व हुडा के कार्यकारी अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। करीब एक घंटे की मान- मनौव्व्ल के बाद बैलिफ ने ईओ को एक दिन का समय दिया। यदि कोर्ट से इस पर किसी तरह का स्टे नहीं मिला तो क्लब को सील कर दिया जाएगा। बता दें कि एडिशनल सेशन जज की कोर्ट गुर्जर घटाल गांव के किसानों की एन्हांसमेंट की करीब 30 करोड़ रुपये की राशि नहीं लौटाने पर जिम खाना क्लब, रेवाड़ी ह़ुडा ऑफिस व गुरुग्राम का सेक्टर- 14 स्थित ऑफिस को अटैच करने का आदेश दे चुकी है। उसी की पालना के लिए बैलिफ क्लब को ताला लगाने पहुुंचे थे। बता दें कि हुडा ऑफिस को ताला लगाने के लिए भी ईओ ने दो सितंबर तक का वक्त मांगा गया है।
यह मामला:
वर्ष 2010 में एचएसवीपी तब के हुडा विभाग की ओर धारुहेड़ा में राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-8 से भिवाड़ी तक 70 फुट चौड़ा बाईपास निकालने के लिए गांव गुर्जर घटाल की 23 एकड़ जमीन अधिग्रहण की थी। उस समय मुआवजा राशि 15 लाख रुपये प्रति एकड़ निर्धारित किए गए थे। गांव के सभी 30 केस रेवाड़ी अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश की कोर्ट में चले। वर्ष 2012 में कोर्ट ने एचएसवीपी को करीब 55 लाख रुपए की मुआवजा राशि देने के लिए आदेश दिए। लेकिन विभाग ने नहीं लौटाए। किसानों का केस लड़ रहे वकील दिनेश लखेरा ने बताया कि वर्ष 2012 में निर्णय किसानों के हक में आ गया था। बावजूद इसके राशि नहीं लौटाई गई। फैसले का क्रियान्वयन कराने के लिए अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश शैलेंद्र सिंह की कोर्ट में अपील की गई थी। एचएसवीपी को ब्याज आदि की राशि जोडक़र किसानों को करीब 93 लाख रुपये प्रति एकड़ के हिसाब से देना है। वीरवार को कोर्ट का बैलिफ जिमखाना क्लब को सील करने के लिए पहुंचे थे। पैसा नहीं लौटाया तो जिमखाना के साथ हुडा के दोनों ऑफिस पर ताला लगना निश्चित है।
तालाबंदी की सूचना मिलने पर बीच में ही जिमखाना क्लब छोड़ निकलते लोग- फोटो : Rewari