कोसली थाना क्षेत्र के झौलरी गांव निवासी दंपती रविवार को खेतों की ओर जाने वाले रास्ते पर मुमताजपुर की नहर के समीप बेसुध हालत में पड़े मिले। परिजनों ने उन्हें उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। जहां पत्नी की मौत हो गई। पति को गंभीर हालत में कनीना के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। दंपती के जहरीला पदार्थ निगलने की आशंका जताई जा रही है। नाहड़ चौकी पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार रविवार को मुमताजपुर गांव की नहर के समीप में खेतों की ओर जाने वाले रास्ते पर गांव झौलरी निवासी प्रदीप कुमार (40) व उसकी पत्नी नीतू (36) बेसुध हालत में पड़े मिले। सूचना के बाद पहुंचे उनके परिजन दोनों को लेकर कोसली के सरकारी अस्पताल पहुंचे। जहां से डॉक्टरों ने उन्हें रेवाड़ी ट्रामा सेंटर के लिए रेफर कर दिया। परिजन दोनों को उपचार के लिए कनीना स्थित अस्पताल में लेकर जा रहे थे, लेकिन नीतू की रास्ते में मौत हो गई। प्रदीप को परिजनों ने कनीना के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
सुबह गए थे खेतों की ओर
दंपती के बेसुध मिलने व पत्नी की मौत की सूचना के बाद नाहड़ चौकी पुलिस भी अस्पताल पहुंची। पुलिस को आशंका है कि दोनों ने जहरीला पदार्थ निगला है। परिजनों ने बताया कि प्रदीप व नीतू का एक 10 साल का बेटा है। प्रदीप खेती-किसानी करता था। रविवार की सुबह दोनों पति-पत्नी खेतों की तरफ गए थे। दोनों ने जहरीला पदार्थ क्यों और कब निगला इस बारे में उन्हें कोई जानकारी नहीं है। पुलिस ने नीतू के मायका पक्ष को भी सूचना दी है और शव को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल में भेज दिया है।
जहरीला पदार्थ निगलने के कारण पता नहीं चल पाए हैं। जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।
महेश सिंह, हेड कांस्टेबल, जांच अधिकारी।