संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। लघु सचिवालय में जिला परिषद सदस्यों की बैठक चेयरमैन मनोज यादव की अध्यक्षता में संपन्न हुई। जिला परिषद की यह पहली बैठक थी, जिसमें में पार्षदों ने अपने-अपने वार्डों की समस्याएं गिनाई। बैठक में बताया गया कि जिप के पास फिलहाल आठ करोड़ रुपये का बजट है। इसके बाद जिला परिषद की ओर से कराए जाने वाले विकास कार्य, सभी खंडों से मनरेगा स्कीम के तहत पंचायत समिति से प्राप्त हुए बजट पास करने के बारे तथा अन्य मुद्दों को लेकर जानकारी दी गई।
बैठक में उपस्थित पार्षदों ने अपने-अपने वार्डों की समस्याएं रखीं, लेकिन अधिकतर पार्षद अपने विकास कार्यों के लिखित प्रस्ताव बैठक में लेकर नहीं पहुंचे थे। इस पर अधिकारियों ने सभी पार्षदों को अपने-अपने वार्ड में कराने वाले विकास कार्यों का लिखित प्रस्ताव दस दिन के अंदर कार्यालय में देने का आग्रह किया।
पार्षद शारदा यादव, सुरेंद्र माडिया, नीलम व नीरज ने बिजली व रोडवेज बसों की समस्या को रखा। इस पर चेयरमैन मनोज यादव ने कहा कि पार्षदों की समस्याओं का प्रमुखता से समाधान किया जाए तथा पंद्रह दिन में इन समस्याओं का समाधान किया जाए। पार्षद शारदा यादव ने गांव झाड़ौदा में जोहड़ की सफाई, गांव से श्मशान स्थल तक कच्चे रास्ते को पक्का करने, गांव झाल से नाहड़ तक, गांव सुरहेली से नठेड़ा रो तक के रास्ते को पक्का कराने तथा कोसली के बाजार में बंद पड़े नालों की सफाई कराने आदि समस्याएं रखीं। अधिकारियों ने कहा कि जब सभी पार्षदों के लिखित प्रस्ताव उनके पास आ जाएंगे, उनका एस्टीमेट बनवाया जाएगा। इसके पश्चात ही संबंधित विकास कार्यों के टेंडर किए जाएंगे। बैठक में सांसद द्वारा गोद लिए गांव भाड़ावास व खरखड़ा गांव के लिए करीब 90 लाख रुपये की ग्रांट विकास कार्य के लिए देने पर मंजूरी दी गई।
बैठक में ये रहे मौजूद
उप जिला प्रमुख नीलम रायपुर, पार्षद विनोद कुमार, जीवन हितैषी, नीरज कुमार, सरिता यादव, सुरेंद्र कुमार, मीनाक्षी, जयसिंह, लक्ष्मी देवी, सरोज मेहरा, मनीराम, निरंजनलाल, रेखा, मीना कुमारी,महेंद्र सिंह, अतिरिक्त उपायुक्त कम सीईओ स्वप्निल रविंद्र पाटिल, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी एचपी बंसल, एसडीएम होशियार सिंह, लेखाधिकारी योगेश कुमार मौजूद रहे।