रेवाड़ी। करीब 10 दिन के अंतराल के बाद एक बार फिर से जिले में कोरोना संक्रमित मामले सामने आए हैं। वीरवार को स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी रिपोर्ट में दो कोरोना पॉजिटिव मरीज पाए गए हैं। इनमें एक खोल व दूसरा बावल क्षेत्र से है। जानकारी के अनुसार स्वास्थ्य विभाग की ओर से चौबीस घंटे में 639 कोरोना सैंपल लिए गए थे, इनमें से दो की जांच रिपोर्ट पॉजिटिव पाई गई है। हालांकि बीते कई दिनों से जिले में एक भी पॉजिटिव केस सामने नहीं आया था और सक्रिय मरीजों की संख्या भी शून्य थी। लेकिन वीरवार की जांच रिपोर्ट से जिले में अब सक्रिय मरीजों की संख्या दो हो गई है। बता दें एक बार फिर से देश में मरीजों की संख्या बढ़ रही है, ऐसे में लोगों को मास्क से लेकर सामाजिक दूरी का ध्यान रखना जरूरी है। इसको लेकर जल्द ही पुलिस की ओर से भी बिना मास्क वाले लोगों के चालान काटने शुरू किए जाएंगे, ऐसे में सभी को सतर्क रहने की जरूरत है। बता दें जिले में कुल 11385 कोविड पॉजिटिव मरीज पाए जा चुके हैं, इसमें से 76 लोगों की मौत हो चुकी है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से भी अब जांच बढ़ाई जा रही है।