रेजांगला पार्क के बाहर शहरवासियों को फूलों के पौधे वितरित करते मृदुल आश्रय संस्था के सदस्य। स्र
रेवाड़ी। पर्यावरण संरक्षण और शहर को हरा-भरा बनाने के उद्देश्य से मृदुल आश्रय संस्था की ओर से फूलों के पौधों के वितरण अभियान का दूसरा चरण रविवार को आयोजित किया गया। संस्था के संचालक देवेंद्र रुस्तगी ने अनुराधा सैनी, राजीव रुस्तगी, गांव बगथला के पूर्व सरपंच सुखराम यादव, वरिष्ठ नागरिक क्लब के सक्रिय सदस्य गुगन सिंह यादव और पूर्व खंड शिक्षा अधिकारी पृथ्वी सिंह के सहयोग से रेजांगला पार्क के बाहर शहरवासियों को फूलों के पौधे वितरित किए।
सुबह की सैर के लिए रेजांगला पार्क पहुंचे लोगों ने पौधों को लेकर विशेष उत्साह दिखाया। लोगों ने पौधे लेकर उन्हें अपने घरों और आसपास लगाने की इच्छा जताई।
अभियान के तहत सेक्टर चार स्थित वरिष्ठ नागरिक क्लब, मॉडल टाउन के स्वर्ण जयंती पार्क, विभिन्न समूह आवासीय सोसायटियों, निजी शिक्षण संस्थानों और निजी अस्पतालों के प्रतिनिधियों ने भी पौधे प्राप्त किए। इसके अलावा गांव बगथला स्थित गौशाला में भी पौधे लगाए गए।