भाड़ावास एरिया में आ रहा गंदा पानी। संवाद
रेवाड़ी। शहर के भाड़ावास इलाके में दो दिनों से घरों में दूषित और बदबूदार पानी की आपूर्ति हो रही है। इस मटमैले दूषित पानी को पीने की बात तो दूर रही, अन्य घरेलू उपयोग में भी इस पानी का इस्तेमाल नहीं किया जा सकता है।
स्थानीय निवासियों ने बताया कि सप्लाई लाइन से आने वाला पानी इतना दूषित है कि बच्चों और बुजुर्गों में पेट दर्द, उल्टी-दस्त जैसी दिक्कतें सामने आने लगी हैं। लोगों का कहना है कि पाइपलाइन में कहीं गंदगी या सीवर का पानी मिल रहा है।
अगर समय रहते समस्या का समाधान नहीं हुआ तो जलजनित बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है। मोहल्लेवासियों ने जनस्वास्थ्य विभाग को शिकायत दी है। उनका कहना है कि प्रशासन तुरंत सप्लाई लाइन की सफाई करवाकर स्वच्छ पानी उपलब्ध कराए। लोगों ने चेतावनी दी है कि अगर समस्या का समाधान जल्द नहीं हुआ तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
विशेषज्ञों का कहना है दूषित पानी से बच्चों और बुजुर्गों में पेट दर्द, उल्टी-दस्त और त्वचा संबंधी समस्याएं बढ़ने लगी हैं। लंबे समय तक गंदे पानी के सेवन से हैजा, टाइफाइड, पीलिया और अन्य जलजनित बीमारियां फैल सकती हैं। उनका कहना है कि ऐसी स्थिति में लोग पानी को उबालकर या फिल्टर करके ही इस्तेमाल करें, वरना स्वास्थ्य पर गंभीर असर हो सकता है।
वर्जन:
बारिश के मौसम में पानी की पाइप में लीकेज की घटनाएं होती हैं जिससे घरों में गंदा पानी जाता है। अगर कहीं से इस तरह की भी शिकायत मिलती है तो इसका समाधान करा दिया जाता है। - हेमंत कुमार, जेई, जनस्वास्थ विभाग